केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, तीन नेपाली श्रद्धालुओं के शव बरामद
भारत में उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर क्षेत्र के पास आकस्मिक बाढ़ में एक होटल के बह जाने से कम से कम तीन नेपाली श्रद्धालुओं की मौत हो गई और आठ अन्य लापता हो गए. नेपाल सरकार के गोरखपत्र दैनिक के अनुसार गुरुवार को भारी वर्षा के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद कम से कम तीन नेपाली श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए जबकि आठ अन्य लापता हैं.
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में पूरा होटल ही बह गया जहां नेपाली नागरिक ठहरे हुए थे.
पटसारी ग्राम नगरपालिका के अध्यक्ष पूर्ण सिंह बोहरा ने कहा, ‘‘नेपाल के 11 लोगों, जो इस घटना के बाद लापता हुए, में से तीन के शव बरामद हुए हैं जबकि आठ अब भी लापता हैं.'' उन्होंने बताया कि जान गंवाने वाले ये तीनों नेपाली श्रद्धालु पटसारी के ही थे.
इस बीच, नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टारई ने कहा कि सरकार को इस त्रासदी की सूचना मिली है और उन नेपाली नागरिकों के बचाव के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं जो इस घटना में लापता हैं.
नेपाल का कंचनपुर जिला भारत के उत्तराखंड से सटा है.
from NDTV India - India https://ift.tt/9CU8Zix
No comments