सुखबीर बादल रहेंगे 'इंडिया' से दूर, कहा- गठबंधन उससे जिसके साथ हो पंजाब का भला
विपक्षी दलों के 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के साथ जाने के सवाल पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का कहना है कि, हम उसके साथ गठबंधन करेंगे जिसके साथ पंजाब का भला हो, कांग्रेस ने कभी पंजाब का अच्छा नहीं किया.
पंजाब में आज शिरोमणि अकाली दल को 'इंडिया' गठबंधन की ओर से न्योता आने की खबरें चर्चा में रहीं. इस पर संगरूर पहुंचे सुखबीर सिंह बादल ने बड़ा बयान दिया कि, ''उसके साथ गठबंधन करेंगे जिसके साथ पंजाब का भला हो, जो इंडिया लेवल पर गठबंधन बना रहे हैं, उन्होंने कभी पंजाब के साथ भला नहीं किया, खास तौर पर कांग्रेस ने.''
''पंजाब के मुख्यमंत्री का दिमाग हिल चुका''
पंजाब के मुख्यमंत्री ने पंजाब में बुधवार को पटवारी की कलम छोड़ हड़ताल को लेकर बयान दिया. इसमें उन्होंने कहा कि अगर आप कलम छोड़ हड़ताल पर जाओगे तो हम कलम किसी और को पकड़ा देंगे. इस पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि, ''पंजाब के मुख्यमंत्री का दिमाग हिल चुका है. ऐसे कैसे किसी को नौकरी से निकाला और नौकरी पर रखा जा सकता है? ऐसे सरकारी नहीं चलती.''
देश में 'इंडिया' गठबंधन के साथ नए दलों के जुड़ने के सवाल पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ''शिरोमणि अकाली दल के पास आने वाले लोकसभा चुनाव में लड़ने के लिए बहुत से विकल्प हैं, बहुत सारे ऑफर हैं. अभी हम विचार कर रहे हैं कि किसके साथ जाना है. हम उसके साथ गठबंधन करेंगे जिसके साथ पंजाब का भला हो.'' उन्होंने 'इंडिया' गठबंधन की ओर इशारा करते हुए कहा कि, ''जो ऊपर गठबंधन बढ़ रहा है उसने कभी पंजाब का भला नहीं किया.'' उन्होंने खास तौर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस कभी पंजाब के पक्ष में खड़ी नहीं हुई.
किसान के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा मिले
सुखबीर सिंह बादल संगरूर के मंडेर कला गांव में लोगोंवाल में ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आने से मृत किसान प्रीतम सिंह के घर उनके परिवार के साथ दुख साझा करने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह के परिवार को पंजाब सरकार की ओर से 10 लाख रुपये नहीं, बल्कि 50 लाख रुपये का मुआवजा मिलना चाहिए.
from NDTV India - India https://ift.tt/McY8z0x
No comments