सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में ड्रग्स गिराने का वीडियो पहली बार सामने आया
पंजाब में पहली बार सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए ड्रग्स गिराने का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में ड्रोन से खेत में ड्रग्स का पैकेट गिरता हुआ दिख रहा है. यह मामला पंजाब के तरणतारण जिले का है.
तरणतारण जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 3 किलो 290 ग्राम हेरोइन, एक ड्रोन, 30 लाख रुपये ड्रग्स मनी और एक पिस्तौल बरामद की है व तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है. गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से ही हेरोइन मिली है, साथ ही ड्रोन के साथ वीडियो भी मिला है जो पुलिस ने जारी किया है.

तरणतारण के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने बताया, एक खतरनाक ट्रेंड यह दिखाई दे रहा है. अब तक यह जानकारी मिलती थी कि रात के दौरान सीमा पार से ड्रोन के जरिए ड्रग्स भेजे जाते थे, इसलिए सभी सुरक्षा बल रात के समय ज्यादा अलर्ट रहते थे. लेकिन इन मामलों में दिनदहाड़े आधा किलो के पैकेट के साथ छोटे ड्रोन भेजे जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि, रात के समय जो ड्रोन आते हैं उनकी आवाज भी आसानी से आ जाती है लेकिन दिन के समय और दूसरी आवाजें भी रहती हैं जिनके चलते ड्रोन की आवाज दब सकती है.
उन्होंने कहा कि, एक बात यह भी दिखाई दे रही है कि यह ड्रोन छोटा है और ऐसे में यह काफी ऊपर जाकर ड्रग्स ड्रॉप करता है... छोटा ड्रोन अगर बहुत ऊपर चला जाएगा तो चिड़िया जैसा दिखेगा. तो ऐसे में हमारे सामने यह बहुत बड़ा चैलेंज है.
from NDTV India - India https://ift.tt/VBxp3c9
No comments