Breaking News

लोकसभा सत्र समाप्त, 17 बैठकें 44 घंटे 15 मिनट तक चलीं; 22 बिल पारित

17वीं लोक सभा का बारहवां सत्र, जो कि 20 जुलाई 2023 को आरंभ हुआ था, शुक्रवार को समाप्त हो गया. सभा में हुए कार्य के संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि इस सत्र में 17 बैठकें हुईं जो लगभग 44 घंटे 15 मिनट तक चलीं.

ओम बिरला ने बताया कि सांसद गौरव गोगोई द्वारा पेश किए गए मंत्रिपरिषद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा 8 अगस्त को शुरू हुई और 10 अगस्त को प्रधानमंत्री के उत्तर के साथ समाप्त हुई. यह चर्चा 19 घंटे 59 मिनट चली और इस चर्चा में 60 सदस्यों ने भाग लिया. बिरला ने बताया कि यह प्रस्ताव अस्वीकृत हुआ.

ओम बिरला ने बताया कि सत्र के दौरान 20 सरकारी विधेयक पेश किए गए और 22 विधेयक पारित किए गए. उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान 50 तारांकित प्रश्नों का मौखिक उत्तर दिया गया. 9 अगस्त को कार्यवाही में सूचीबद्ध सभी 20 तारांकित प्रश्नों का उत्तर मौखिक रूप से दिया गया. साथ ही नियम 377 के तहत कुल 361 मामले उठाए गए.

अध्यक्ष  ने सदन का ध्यान आकृष्ट किया कि लोकसभा की विभागों से सम्बद्ध स्थाई समितियों ने 65 प्रतिवेदन प्रस्तुत किए. सत्र के दौरान निदेश 73क के अधीन 45 वक्तव्य दिए गए और संसदीय कार्य के संबंध में संसदीय कार्य मंत्री द्वारा दिए गए तीन वक्तव्यों सहित कुल 50 वक्तव्य दिए गए.

लोकसभा अध्यक्ष  ने सभा को बताया कि कुल 1209 पत्रों को सदन के पटल पर रखा गया. 17वीं लोकसभा के बारहवें सत्र के दौरान सभा की उत्पादकता 45 प्रतिशत रही.



from NDTV India - India https://ift.tt/J6jLc4G

No comments