Breaking News

शादीशुदा बॉयफ्रेंड की बेवफाई से नाराज महिला ने उसके 11 साल के बेटे की कर दी हत्या, गिरफ्तार

दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में 11 साल के दिव्यांश की हत्या मामले में 300 सीसीटीवी कैमरे और 3 दिन की कड़ी मशक्क्त के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पूजा ने सोते हुए मासूम दिव्यांश की 10 अगस्त को गला घोंटकर हत्या कर दी थी और उसके शव को घर के बेड में ही छिपा दिया था. पूजा अपने बॉयफ्रेंड की बेवफाई से नाराज थी, इसीलिए उसने उसके बेटे की हत्या कर दी.

बताया जाता है कि साल 2019 से पूजा और जितेंद्र लिव-इन रिलेशनशिप में थे. जितेंद्र ने पूजा से अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी का वादा किया था, लेकिन साल 2022 में जितेंद्र पूजा को छोड़कर वापस अपनी पत्नी और बेटे दिव्यांश के साथ रहने लगा. इसी बात को लेकर पूजा जितेंद्र से नाराज थी और उसे सबक सिखाना चाहती थी.

पूजा को लगता था कि जितेंद्र ने अपने बेटे दिव्यांश के कारण उससे शादी के लिए इनकार कर दिया, जिसके बाद वो दिव्यांश को जितेंद्र और खुद के बीच का कांटा मानने लगी थी.

दिव्यांश की हत्या कर शव बेड में छुपाया
पूजा ने 10 अगस्त को एक कॉमन फ्रेंड से इंद्रपुरी में जितेंद्र के घर का पता पूछा. जब वो वहां पहुंची तो घर का दरवाजा खुला था और दिव्यांश बेड पर सो रहा था, घर में कोई नहीं था. तभी पूजा ने जितेंद्र और अपने बीच के कांटे को हटाने के लिए मासूम की जान ले ली और उसी बेड में शव को छिपाकर भाग गई.

3 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से पूजा की पहचान की. उसके बाद पूजा को ट्रेस करने के लिए नजफगढ़-नांगलोई रोड पर रणहौला, निहाल विहार और रिशल गार्डन इलाके के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला. तब कहीं जाकर 3 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी पूजा को बक्करवाला इलाके से गिरफ्तार किया. वहीं पुलिस की कड़ी पूछताछ में पूजा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.



from NDTV India - India https://ift.tt/jSh8Mza

No comments