Breaking News

''मेरी बेटी को वापस लाओ'': US में सड़क पर भुखमरी की हालत में दिखी हैदराबाद की महिला की मां

हैदराबाद की एक महिला सैयदा लुलु मिन्हाज जैदी मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए अमेरिका गई थी. उसको शिकागो की एक सड़क पर भुखमरी की हालत में देखा गया. उनकी इस हालत का खुलासा तेलंगाना की पार्टी मजलिस बचाओ तहरीक (MBT) के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान ने किया.

खान ने एक ट्वीट में उस महिला का एक वीडियो साझा किया जिसमें वह कुछ सामान के साथ सड़क के एक कोने पर बैठी हुई दिखाई दे रही है. महिला अपना नाम बताने में परेशान होती दिख रही है. जब उससे उसकी स्थिति के बारे में पूछा गया, तो उसने बताया कि उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन टेस्ट के लिए उसके शरीर से ब्लड के नमूने लिए जाने के बाद उसका स्वास्थ्य और बिगड़ गया.

उसकी मां सैयदा वहाज फातिमा ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर मदद मांगी है और अपनी बेटी को भारत वापस लाने की मांग की है.

खान ने ट्वीट में लिखा है, ''हैदराबाद की सैयदा लुलु मिन्हाज जैदी ट्राइन यूनिवर्सिटी, डेट्रॉयट में एमएस करने गई थीं, उन्हें शिकागो में बहुत बुरी हालत में पाया गया, उनकी मां ने डॉ एस जयशंकर से उनकी बेटी को वापस लाने की अपील की.''

पत्र में फातिमा ने बताया कि सामान चोरी होने के बाद उनकी बेटी अवसाद में है और भुखमरी की कगार पर है.

उन्होंने लिखा, “तेलंगाना के मौला अली की रहने वाली मेरी बेटी सैयदा लुलु मिन्हाज जैदी अगस्त 2021 के दौरान डेट्रॉइट में ट्राइन यूनिवर्सिटी में मास्टर्स की पढ़ाई करने गई थी और अक्सर हमारे संपर्क में रहती थी. लेकिन पिछले दो महीनों से वह मेरे संपर्क में नहीं है और हाल ही में हमें हैदराबाद के दो युवकों के माध्यम से पता चला कि मेरी बेटी अवसाद में है और किसी ने उसका सामान चुरा लिया है, जिससे वह भूखी रहने लगी है. मेरी बेटी को अमेरिका के शिकागो की सड़कों पर देखा गया.

उन्होंने यह भी साझा किया कि मोहम्मद मिन्हाज अख्तर की मदद से उनकी बेटी का पता लगाया जा सका और उन्होंने वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास और शिकागो में भारतीय वाणिज्य दूतावास से उसे वापस लाने का अनुरोध किया.

पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने लिखा, ''हमें अभी सैयद लुलु मिन्हाज के मामले के बारे में पता चला है. संपर्क में बने रहने के लिए कृपया DM करें.''



from NDTV India - India https://ift.tt/n4KuNVl

No comments