Breaking News

FY 2022-23 के लिए रिकॉर्ड 6.50 करोड़ ITR दाखिल, मध्य रात्रि तक रिटर्न भरना रहेगा जारी

 देश में 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2022-23 में अर्जित आय के लिए अबतक 6.50 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए गए हैं. इसमें से शाम छह बजे तक 36.91 लाख आयकर रिटर्न सोमवार को भरे गये हैं.व्यक्तिगत आयकरदाताओं और इकाइयों के लिये आयकर रिटर्न भरने की आज अंतिम तिथि है. आयकर विभाग ने कहा कि शाम छह बजे तक 1.78 करोड़ सफल ‘लॉगइन' हुए हैं. विभाग ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘अबतक 6.50 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न भरे जा चुके हैं. इनमें से 36.91 लाख आईटीआर आज शाम तक भरे गये हैं.''

उन वेतनभोगी और इकाइयों के लिये आईटीआर भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई यानी सोमवार मध्य रात्रि तक है, जिनके खातों को ऑडिट कराने की जरूरत नहीं है. पिछले साल 31 जुलाई तक करीब 5.83 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए थे.आईटीआर दाखिल करने में मदद के लिए आयकर विभाग की हेल्पडेसक और वेबसाइट पर चौबिसों घंटे सेवाएं उपलब्ध हैं. कर विशेषज्ञों का कहना है कि आईटीआर दाखिल करने वालों की संख्या में इजाफा नियमों के बेहतर अनुपालन और कर चोरी को रोकने के लिए राजस्व विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाता है.

आयकर विभाग सूचना प्रौद्योगिकी तथा आंकड़ों के विश्लेषण उपकरणों का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल कर ऐसे मामलों का पता लगा रहा है जहां गड़बड़ी की अधिक आशंका है और ऐसे मामलों में कार्रवाई भी कर रहा है. जिन कंपनियों और लोगों के लिए अपने खातों का ऑडिट कराना आवश्यक है, उनके लिए वित्त वर्ष 2022-23 में अर्जित आय के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर है. वित्त वर्ष 2022-23 में सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 20.33 प्रतिशत बढ़कर 19.68 लाख करोड़ रुपये रहा था.

ये भी पढ़ें-

 



from NDTV India - India https://ift.tt/Z9pzmnX

No comments