नाम बदलने से विपक्ष का मूल स्वभाव नहीं बदलेगा: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विपक्ष के ‘इंडिया' गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने से ''उनका (विपक्ष का)'' मूल स्वभाव नहीं बदलेगा. एक ट्वीट में, आदित्यनाथ ने कहा,''कौआ अपना नाम हंस रख ले तो भी मोती नहीं चुगेगा. अमावस्या की काली रात को पूर्णिमा का नाम देने से वह शीतल और प्रकाशवान नहीं हो जाएगी. नाम बदलने से इनका मूल स्वभाव नहीं बदल जाएगा. ऐसे ही इंडिया नाम लगा लेने से आत्मा और संस्कार में रची-बसी विभाजनकारी सोच और भारत विरोधी दृष्टि समाप्त नहीं हो जाएगी.''
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'अपना नाम बदलने से आपका खेल नहीं बदलेगा. यह भारत बनाम इंडिया है.' इस पर पलटवार करते हुए, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में कहा,''जो लोग आज़ादी के आंदोलन में स्वतंत्रता-सेनानियों की मुखबरी कर रहे थे, वे अब थोथे प्रवचन कर रहे हैं. अपने नाम में उपाधि लगा लेने से या चोंगा धारण कर लेने से मूल-स्वरूप नहीं छुपता. राजनीति को बंटवारे के हथियार के रूप में इस्तेमाल करनेवाले विभाजनकारी अब अपने दिन गिनें.''
समाजवादी पार्टी 'इंडिया' गठबंधन की सदस्य है. पिछले हफ्ते, 26 विपक्षी दलों ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले राजग से एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए एक मोर्चा बनाया है, जिसे 'इंडिया' नाम दिया गया है.
from NDTV India - India https://ift.tt/CdLsW6z
No comments