Breaking News

VIDEO: पुलिस ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान महिला के बाल खींचे, लात मारी

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के तिलसीवा गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक महिला को लात मारी. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. महिला को बाल पकड़कर घसीटा भी गया. प्रशासन का कहना है कि तिलसीवा गांव में 18 से ज्यादा लोगों ने गौठान की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था. उन्हें नोटिस जारी करने के बावजूद उन्होंने कब्जा नहीं हटाया. जब प्रशासन की टीम उन्हें हटाने के लिए पहुंची तो विवाद शुरू हो गया.

लोगों का आरोप है कि एक गर्भवती महिला की भी पिटाई की गई है. दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि अतिक्रमणकारी महिलाओं ने पहले तहसीलदार पर हमला कर दिया था जिसकी वजह से आठ महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्हें गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है.

घटना के वीडियो में एक पुलिस कर्मी जमीन पर गिरी एक महिला के बाल खींचते हुए और महिला को लात मारते हुए दिखाई दे रहा है. कई अन्य पुलिस कर्मी भी पास में खड़े हैं. एक पुलिस कर्मी एक अन्य महिला को पुलिस वैन में ले जाने के लिए घसीटते हुए दिख रहा है.

सूरजपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका शर्मा ने कहा, "अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने राजस्व अधिकारी पर हमला किया. हम मामले की जांच कर रहे हैं."

प्रशासन का आरोप है कि 18 लोगों ने उस जमीन पर कब्जा कर लिया है, जो कि पशुओं के बाड़े के लिए है. हालांकि स्थानीय लोगों ने कहा कि वे वहां वर्षों से रह रहे हैं.

एक महिला ने कहा, 'हम यहां सालों से रह रहे हैं. इससे पहले हमें किसी ने नहीं रोका.' उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने एक गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की.

मारपीट की घटना का वीडियो वायरल हो गया है. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक महिलाओं पर पुलिस कर्मियों द्वारा किए गए बल प्रयोग पर कोई टिप्पणी नहीं की है. पुलिस ने कहा है कि अभियान के दौरान महिलाओं ने स्थानीय राजस्व अधिकारियों पर हमला किया, इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें -

बिहार: छापेमारी टीम पर लाठी-पत्थर से हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, महिला अधिकारी को घसीटा

VIDEO: साइकिल हटाने में हुई देरी तो बिहार पुलिस की महिला सिपाहियों ने बुजुर्ग शिक्षक को बेरहमी से पीटा

MP : बुजुर्ग महिला को रस्‍सी से बांधकर पीटा, SC-ST एक्‍ट के तहत मामला दर्ज 



from NDTV India - India https://ift.tt/mKTsh65

No comments