Breaking News

पश्चिम बंगाल: दुल्हन ने अपनी शादी की पार्टी में सरकारी स्कूल में नौकरी देने की मांग को लेकर की नारेबाजी

पश्चिम बंगाल में शादी के बाद आयोजित एक प्रीतिभोज में आए मेहमान उस समय हैरान रह गए जब दुल्हन ने शिक्षा पात्रता परीक्षा (टेटे) उत्तीर्ण कर चुके सभी अभ्यार्थियों को पूर्वी बर्धमान जिले के प्राथमिक स्कूलों में नौकरी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की.

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि दुल्हन अपने प्रीतिभोज में चार अन्य लोगों के साथ नारेबाजी कर रही है, ‘‘हमें नियुक्ति चाहिए, सभी वंचित उम्मीदवारों को नियुक्ति मिलनी चाहिए.'' उक्त दुल्हन ने कथित तौर पर 2014 में टेट परीक्षा उत्तीर्ण की थी और दावा किया कि वह राज्य में शिक्षक की नौकरी की आकांक्षी है.

मीडिया ने उक्त लड़की की पहचान 27 वर्षीय अभया दास के तौर पर की और गुरुवार को भातर स्थित उसके ससुराल जाकर उससे बात की. दास ने बताया कि यह वाकया छह मई की शाम का है जब उसके चार टेट परीक्षा उत्तीर्ण मित्र प्रीतिभोज में शामिल होने आए.

दास ने बताया कि प्रीतिभोज में शामिल होने आए मेहमानों से पूछा कि क्या वह भी सभी टेट अभ्यार्थियों को नौकरी देने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थीं, जिसका उन्होंने जवाब दिया कि ‘निश्चित तौर पर' और इसके बाद नारेबाजी की जिसमें चार मित्रों ने साथ दिया.

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘ घटना राज्य में शिक्षक भर्ती की दयनीय अवस्था को उजागर करती है. बड़े पैमाने पर शिक्षक भर्ती में अनियमितता हुई है.''

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि शादी के मौके का इस्तेमाल अपनी मांग रखने के लिए करने पर पार्टी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती क्योंकि पूरा मामला अदालत में विचाराधीन है.



from NDTV India - India https://ift.tt/JysvFnt

No comments