Breaking News

बीजेपी केजरीवाल की 'राजनीतिक हत्या' करना चाहती है, लेकिन वह सफल नहीं होगी : AAP

आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को अपनी गुजरात इकाई के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की निंदा की और आरोप लगाया कि उसके नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की 'राजनीतिक हत्या' चाहती है. आप के राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में जोर दिया कि भाजपा अपने प्रयासों में सफल नहीं होगी क्योंकि केजरीवाल को ‘‘लोगों का प्यार और आशीर्वाद'' प्राप्त है.

पुलिस ने गढ़वी के एक ट्वीट को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है. गढ़वी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने दावे ‘‘की पुष्टि करने वाले किसी भी विश्वसनीय आंकड़े के बिना'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' पर हुए खर्च को लेकर ट्वीट किया था.

चड्ढा ने गढ़वी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “एक नया दिन और एक नयी प्राथमिकी. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.' आप नेता ने कहा, ‘‘गढ़वी के खिलाफ प्राथमिकी सिर्फ इसलिए दर्ज की गई है क्योंकि उन्होंने ट्विटर पर एक छोटा सा राजनीतिक कटाक्ष किया था, पुरस्कार विजेता पहलवान राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा के एक नेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन पहलवानों के उच्चतम न्यायालय जाने के बाद ही दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की.''

चड्ढा ने कहा, “भाजपा (सरकार) के पास दो तरह के कानून हैं – एक अपने नेताओं और मित्रों की रक्षा के लिए, भले ही वे कितना भी बड़ा अपराध करें, जबकि दूसरा - विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए, खासकर आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाने के लिए. '

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा उनकी पार्टी के नेताओं को निशाना बना रही है क्योंकि वह केजरीवाल को 'राजनीतिक रूप से खत्म' करना चाहती है और आप को समाप्त करना चाहती है. आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता के मद्देनजर खासकर आप नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस का 'दुरुपयोग' कर रही है.

ये भी पढ़ें-

अरविंद केजरीवाल के महा-बंगले पर महा-बवाल



from NDTV India - India https://ift.tt/uECeP9H

No comments