राजस्थान: सचिन पायलट की 'जनसंघर्ष पदयात्रा' ने तीसरे दिन लगभग 30 किलोमीटर दूरी तय की
जयपुर: भ्रष्टाचार व राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने के खिलाफ पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की ‘जनसंघर्ष पदयात्रा' शनिवार को भी जारी रही और लगभग 30 किलोमीटर दूरी तय की. यात्रा आज सुबह दूदू से शुरू हुई और विश्राम के लिए पालू गांव पहुंची. पायलट के साथ हजारों की संख्या में उनके समर्थक हैं. यात्रा शाम को जयपुर जिले के नासनोदा गांव पहुंची. यात्रा रविवार की सुबह फिर से शुरू होगी.
कांग्रेस के असंतुष्ट नेता सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को 125 किलोमीटर की अजमेर-जयपुर ‘जनसंघर्ष यात्रा' शुरू की और इस यात्रा में उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हैं. वहीं, पायलट ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत से जीत को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुशासन एवं अलोकतांत्रिक नीतियों की हार बताया. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत से जीत होने पर कर्नाटक की जनता, कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं. भाजपा के असीमित और बेलगाम भ्रष्टाचार से त्रस्त कर्नाटक की जनता ने भाजपा के कुशासन और अलोकतांत्रिक नीतियों को नकार कर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है.''
पायलट ने पांच दिन की अपनी इस पदयात्रा की शुरुआत बृहस्पतिवार को अजमेर से की. इसे राजस्थान में इस चुनावी साल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस यहां फिर से अपनी सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है.
यह भी पढ़ें :
- कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने कबूल की हार, कहा - "हम मंज़िल तक नहीं पहुंच पाए..."
- क्या इमरजेंसी की ओर पाकिस्तान? पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी और जमानत पर ऐसे बंटा मुल्क
- "लोकसभा में आज AAP की एन्ट्री हुई, अगर देश की जनता ने चाहा तो..." : जालंधर उपचुनाव में जीत पर बोले अरविंद केजरीवाल
from NDTV India - India https://ift.tt/pTNURw2
No comments