Breaking News

PM नरेंद्र मोदी 8 अप्रैल को तेलंगाना में 11,355 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे : केंद्रीय मंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिकंदराबाद और तिरुपति के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ तेलंगाना में 11,355 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और राष्ट्र को समर्पित करने के लिए आठ अप्रैल को हैदराबाद आएंगे. केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी के कार्यालय से रविवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री तेलंगाना के सिकंदराबाद और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तिरुपति के बीच ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. देश में शुरू की जाने वाली यह 13वीं वंदे भारत ट्रेन होगी.

विज्ञप्ति में कहा गया कि सिकंदराबाद और तिरुपति के बीच यात्रा का समय वर्तमान के लगभग 12 घंटे से घटकर 8.5 घंटे होने की उम्मीद है. यह दोनों तेलुगु भाषी राज्यों के बीच संचालित होने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी. मोदी ने 15 जनवरी को आंध्र प्रदेश में सिकंदराबाद और बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा को डिजिटल तरीके से हरी झंडी दिखाई थी. यह दोनों राज्यों को जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस थी.

प्रधानमंत्री 715 करोड़ रुपये की लागत से सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि पूजन भी करेंगे, जिसमें अगले 40 वर्षों के लिए यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने की सुविधाएं शामिल हैं. विज्ञप्ति में कहा गया कि मोदी सिकंदराबाद-महबूबनगर रेलवे लाइन पर 1,410 करोड़ रुपये की लागत से 85 किलोमीटर खंड का दोहरीकरण किये जाने को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे.

बाद में, प्रधानमंत्री 13 नयी बहु-मॉडल परिवहन प्रणाली (एमएमटीएस) सेवाओं का उद्घाटन करेंगे, जो एमएमटीएस चरण-द्वितीय के हिस्से के रूप में हैदराबाद के उपनगरों में निर्मित नयी रेलवे लाइन पर चलेंगी. परेड ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा में मोदी 7,864 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाले छह राष्ट्रीय राजमार्गों की आधारशिला रखेंगे. विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री 1,366 करोड़ रुपये की लागत से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बीबीनगर में नए ब्लॉक के लिए भूमि पूजन भी करेंगे.

ये भी पढ़ें-:
 



from NDTV India - India https://ift.tt/p5gQdkr

No comments