Karnataka Assembly Election 2023: JDS ने 59 उम्मीदवारों की तीसरी सूची की जारी
जनता दल सेक्युलर ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 59 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की. साथ ही पार्टी ने सात सीटों पर कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की. पार्टी ने पहले घोषित की गई दो सूचियों में से 12 क्षेत्रों में उम्मीदवार बदल दिए हैं.
जद (एस) ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के उम्मीदवारों को तीन-तीन सीट पर और नंजनगुड में कांग्रेस के उम्मीदवार दर्शन ध्रुवनारायण को समर्थन देने की घोषणा की है. दर्शन ध्रुवनारायण कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ध्रुवनारायण के पुत्र हैं, जिनका हाल ही में निधन हो गया था.
जद (एस) गुलबर्गा ग्रामीण, बागेपल्ली और के. आर. पुरम में माकपा के उम्मीदवारों और सी. वी. रमन नगर, विजयनगर और महादेवपुरा में आरपीआई का समर्थन करेगी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जद(एस) में आए वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य अयानुर मंजूनाथ को शिवमोग्गा से टिकट दिया गया है.
मंजूनाथ ने शिवमोग्गा से भाजपा का टिकट मांगा था, जिसके लिए सत्तारूढ़ दल ने अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. पहले की सूचियों में घोषित उम्मीदवारों की जगह जद(एस) का टिकट पाने वालों में पूर्व मंत्री जी. नागमारापल्ली के बेटे सूर्यकांत नागमारापल्ली शामिल हैं, जिन्हें बीदर से टिकट दिया गया है। सूर्यकांत हाल में जद(एस) में शामिल हुए थे.
यह भी पढ़ें -
-- उत्तर भारत को हल्की बारिश से गर्मी से राहत की उम्मीद, त्रिपुरा में विशेष आपदा घोषित
-- ड्रग्स लेने वालों पर नहीं, तस्करों पर करें फोकस: NCB से बोले गृहमंत्री अमित शाह
from NDTV India - India https://ift.tt/i5un0EB
No comments