लुटियन दिल्ली में बेकाबू रफ्तार कार ने रिक्शाचालक को मारी टक्कर, 300 मीटर तक घसीटा भी
दिल्ली के वीआईपी इलाकों में से एक लुटियन जोन में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा देखने को मिला. इस हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने रिक्शा चालक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा पुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसका चालक कार के नीचे फंस गया. हादसा लुटियन जोन में फिरोजशाह रोड़ पर हुआ. इस टक्कर के बादआरोपी कार चालक ने रिक्शा चालक को करीब 300 मीटर तक कार के नीचे घसीटा.
आरएमएल अस्पताल में कराया गया भर्ती
बाद में घायल रिक्शा चालक को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. आरोपी की पहचान फरमान के रूप में की गई है. जबकि घायल रिक्शा चालक की पहचान मनोज के रूप में की गई है.
क्या रेड लाइट की वजह से हुआ हादसा ?
पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार हादसे की एक वजह फिरोजशाह रोड़ पर लगी रेड लाइट्स भी हैं, जो ज्यादातर समय ब्लिंक करते रहते हैं. ऐसे में यहां से गुजरने वालों को लगता है कि अभी हमारी रेड लाइट हुई नहीं है और वो गाड़ी को तेज गति से निकालने की कोशिश करते हैं.
पुलिस की जांच से ही होगा खुलासा
ये हादसा किस वजह से हुआ है इसकी जांच पुलिस भी कर रही है. पुलिस की जांच होने से पहले तक ये कहना जल्दबाजी होगी कि इस हादसे के लिए रेड लाइट का ब्लिंक करना भी एक कारण था. पुलिस की जांच के बाद ही इसे लेकर कोई बात पुख्ता तौर पर सामने आ पाएगी.
from NDTV India - India https://ift.tt/fFc0KCi
No comments