Breaking News

EVM के मुद्दे पर EC को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा विपक्ष, शरद पवार के घर विपक्षी नेताओं की हुई बैठक

कई विपक्षी दलों ने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे तकनीकी सवालों पर चुनाव आयोग को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का फैसला किया है. एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के घर पर कई विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में यह फैसला किया गया. बैठक में इस बात पर सहमति थी कि ईवीएम को लेकर आम लोगों में अब भी भ्रम की स्थिति है जिसे जल्दी दूर करना जरूरी है.  एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार की अध्यक्षता में कॉन्ग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना, सीपीआई और  टीआरएस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं की ईवीएम के मसले पर गुरुवार शाम बैठक हुई. 

बैठक के बाद राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, "EVM  को लेकर जनता में भ्रम फैल चुका है. आज तक चुनाव आयोग ने EVMs को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब नहीं दिया है. ईवीएम को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए. हमलोगों ने यह फैसला किया है कि हम चुनाव आयोग के पास जाएंगे और उनसे कहेंगे कि देखिए यह बातें हम आपसे कई सालों से कह रहे हैं और यह आखरी बार आपसे पूछने आए हैं: आप इसके बारे में क्या करोगे? जो सवाल उठाए हैं उसका लिखित रूप में चुनाव आयोग जवाब दें जिससे एक बार में सवाल खत्म हो जाए".

एनडीटीवी से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि ईवीएम के मामले में कहा जाता है कि यह स्टैंडअलोन मशीन है. लेकिन VVPAT मशीन में कैंडिडेट का नाम और सिंबल कैसे लोड किया जाता है?
यह कहा जाता है की ईवीएम में वन टाइम Programmable Chip  है. लेकिन हमें जानकारी मिली है कि यह Multiple programmable चिप है. यह चिप कहां से खरीदी जा रही है और इनमें सोर्स कोड कौन डालता है? आम धारणा यह है कि कोई मशीन पूरी दुनिया में ऐसे नहीं है जिसमें चीप  लगी हो और जिसे हैक नहीं किया जा सकता. कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बारे में सारी पॉलिटिकल पार्टियां ने तय किया है कि हम चुनाव आयोग से वह सारे प्रश्न पूछेंगे जो हमें पूछना चाहिए".

विपक्षी दलों के नेताओं ने अब यह तय किया है की ईवीएम की निष्पक्षता और उसकी सुरक्षा को लेकर जो तकनीकी सवाल उठे हैं उस पर वह एक विस्तृत रिपोर्ट चुनाव आयोग के सामने पेश करेंगे. वह चाहते हैं कि आयोग लिखित में ईवीएम को लेकर उठे सवालों का जवाब दें जिससे ईवीएम को लेकर जो आशंकाएं हैं उन्हें हमेशा के लिए खत्म किया जा सके. 

ये भी पढें-



from NDTV India - India https://ift.tt/NXxi569

No comments