Breaking News

आज से शुरू होगा बजट सत्र का दूसरा चरण, एजेंसियों की कार्रवाई से लेकर गूंजेंगे ये मुद्दे

बजट सत्र का दूसरा चरण 13 मार्च यानी आज से शुरू हो रहा है, जो कि 6 अप्रैल तक चलेगा. संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की रणनीति तैयार करने के लिए सोमवार की सुबह विपक्षी दल बैठक भी करेंगे. सत्र के दूसरे चरण में विपक्ष केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरूपयोग सहित कुछ अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा. सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दलों की करीब 10 बजे संसद भवन परिसर में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में बैठक होने की उम्मीद है.

उन्होंने बताया कि इसके बाद सांसद कांग्रेस संसदीय पार्टी के कार्यालय में एक बैठक में हिस्सा लेंगे जहां पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ब्रिटेन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर उन पर लगातार हमले कर रही है. सत्र के दौरान इस मामले पर कांग्रेस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध होने की संभावना है. विपक्षी दलों द्वारा सत्र के दौरान केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरूपयोग, चीन के साथ सीमा गतिरोध, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाये जा सकते हैं.

‘आदिवासियों' को ‘वनवासी' कहना अपमानजनक है : शरद पवार ने भाजपा पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी, वाम दल और द्रमुक भी संघीय ढांचे पर आघात और संस्थाओं के कथित दुरूपयोग को लेकर विरोध व्यक्त कर रहे हैं.

सत्र के दौरान तृणमूल कांग्रेस एलआईसी, एसबीआई के समक्ष संभावित खतरे, महंगाई, बेरोजगारी, केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरूपयोग के मुद्दे को उठायेगी.

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन ने हाल ही में कहा था कि एलआईसी से जुडे निवेश प्रभाव खतरे, महंगाई जैसे विषयों का आम लोगों के जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है और तृणमूल कांग्रेस इन विषयों को उठायेगी.

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गैर भाजपा शासित राज्यों की सरकारों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरूपयोग के विषय को भी उठायेगी.

गौरतलब है कि संसद के बजट सत्र की शुरूआत 31 जनवरी को हुई थी जिस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अभिभाषण दिया था. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, बजट सत्र का दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होना है.

ये भी पढ़ें-



from NDTV India - India https://ift.tt/SCEjegy

No comments