Breaking News

"मनीष-सतेंद्र झांकी है, केजरीवाल बाकी है" : BJP ने की दिल्‍ली CM की गिरफ्तारी की मांग

दिल्‍ली आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी और उनके इस्‍तीफे को लेकर बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP)पर जमकर निशाना साधा है. बीजेपी प्रवक्‍ता गौरव भाटिया ने बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में सिसोदिया के इस्‍तीफे के लेटर में कोई तारीख न होने पर भी सवाल उठाया. भाटिया ने कहा, "रेजिग्नेशन लेटर अपने आप में महत्वपूर्ण सवाल उठाता है उस पर कोई तारीख नही है."  उन्‍होंने कहा, "जब ये मुद्दा बीजेपी ने उठाया तो कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल अपने मंत्रियों को कट्टर ईमानदार कह रहा था तब हमने कहा था जैसे-जैसे जुड़ रही है कड़ी केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी. अब मैं केजरीवाल से पूछूंगा आपने किसी को भारत रत्न की बात की, उन्होंने अब इस्तीफा दे दिया."

"कैबिनेट मीटिंग में हुआ था GOM बनाने का निर्णय"

दिल्‍ली सरकार की आबकारी नीति का जिक्र करते हुए बीजेपी प्रवक्‍ता ने कहा, "5 फरवरी 2021 को एक कैबिनेट मीटिंग होती है उसमें ये निर्णय लिया गया कि एक GOM बनाया जाएगा और वो नीति बनाएगा. इसलिए ये कहना गलत नही होगा कि आबकारी घोटाले का किंगपिन अरविंद केजरीवाल ही हैं. ये GOM भी इन्होंने ही बनाई थी. तीन मंत्री-मनीष सिसोदिया, दूसरे सत्येंद्र जैन और तीसरे कैलाश गहलोत. तो आज ये सवाल पूछा जायेगा की प्यादों से तो इस्तीफा ले लिया लेकिन जिसने पूरे घोटाले की रचना की, वो केजरीवाल इस्तीफा कब देंगे?"

बीजेपी बोली-जल्‍द इस्‍तीफा दें केजरीवाल

भाटिया ने कहा कि कट्टर बेईमान महाभ्रष्टाचारी 'आप' नहीं बल्कि पाप पार्टी है जिसने आबकारी घोटाला किया. उसके शराब मंत्री सीबीआई कस्टडी में हैं. दिल्ली की जनता जो सवाल चीख-चीखकर पूछ रही थी बीजेपी ने उस सवाल को मजबूती से उठाया तो दो भ्रष्टाचारी मंत्री-मनीष सिसोदिया और दूसरा, जिसने पिछले 8 महीने से जेल में स्पा सेंटर खोला हुआ है, मीडिया में खबर आई कि दोनों ने इस्तीफा दे दिया है. अगर दो मंत्री इस्तीफा देते है तो तीसरे कैलाश गहलोत इस्तीफा क्यों नहीं देते. केजरीवाल को ये बताना होगा कि कैबिनेट के बाद आपने ये फैसला किया था या नहीं कि GOM की बैठक में लिया हुए फैसला जल्दी लागू हो. उन्‍होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल को जल्दी इस्तीफा देना चाहिए क्‍योंकि उनके पद पर रहते निष्पक्ष जांच होना संभव नहीं है. सबूतों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है.

कोई भी व्‍यक्ति कानून से ऊपर नहीं

जेपी प्रवक्‍ता ने दावा किया कि केजरीवाल के PA ने इसी समय में 4 मोबाइल फोन नष्ट किए हैं जो सबूत के तौर पर इस्तेमाल किए जा सकते थे. विजय नायर ने फेसटाइम कॉल कराके अरविंद केजरीवाल की बात, दूसरे आरोपी समीर महेंद्रू से कराई थी तब केजरीवाल ने कहा था-मेरा बेटा है इसकी बात मान लेना. इसलिए पद पर रहते हुए जांच सही से नहीं हो पाएगी. अरविंद केजरीवाल को बिना समय लगाए इस्तीफा देना चाहिए." बीजेपी प्रवक्‍ता ने कहा, "मनीष-सतेंद्र झांकी है, अरविंद केजरीवाल बाकी है. कोई व्यक्ति कानून से ऊपर नही है. बच्चों के मनीष सिसोदिया के घर जाने के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि किसी एजेंसी को पैसा देकर नाटक कराया जा रहा है. बच्चे तो ये भी पूछ रहे हैं हमारे स्कूलों के सामने ठेके क्यों खुलवा दिए."

ये भी पढ़ें- 



from NDTV India - India https://ift.tt/ewpWYbq

No comments