दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
जनवरी के महीने में इस बार कुछ एक दिन कड़ाके की ठंड का प्रकोप देखने को मिला. वहीं फरवरी शुरुआत होते ही ठंड का असर भी कम हो गया है. आलम ये है कि अब दिन में काफी तेज धूप निकल रही है. सोमवार राजधानी दिल्ली का पारा तेजी से ऊपर चढ़ा. नतीजतन दोपहर के वक्त अचानक से लोगों को ठंड के इस मौसम में गर्मी का अहसास हुआ. राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बीते एक दशक में 10 फरवरी से पहले दिल्ली का तापमान इस स्तर पर नहीं पहुंचा था. मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान थोड़ा कम होगा. इसके बाद 9 व 10 फरवरी को दोबारा बढ़कर तापमान 29 डिग्री तक पहुंच जाएगा. पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 12 डिग्री सेल्सियस, जबकि लुधियाना का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं, पटियाला, पठानकोट, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.7 डिग्री सेल्सियस, 13.1 डिग्री सेल्सियस, 12.2 डिग्री सेल्सियस और आठ डिग्री सेल्सियस रहा. जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 9 फरवरी से 11 फरवरी तक केंद्रशासित प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त की है.
ये भी पढ़ें :महाराष्ट्र पुलिस को ‘आतंकवादियों' को खास समुदाय का बताने वाले मॉक ड्रिल करने से रोका गया
ये भी पढ़ें : 136 साल के इतिहास में पहली बार भारतीय-अमेरिकी महिला हार्वर्ड लॉ रिव्यू की होंगी प्रमुख
from NDTV India - India https://ift.tt/FNLmKVo
No comments