Breaking News

अगले दो से तीन दिनों तक कोहरा और शीतलहर से नहीं मिलेगी निजात : मौसम विभाग

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 07-09 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वर्षा और बर्फबारी की संभावना है. अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश की संभावना है. सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में सतह के निकट हल्की हवाओं और उच्च नमी के जारी रहने के कारण कई क्षेत्रों में घने से बहुत घने कोहरे के जारी रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में अगले 2-3 दिनों तक घना कोहरा रहेगा. उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, असम में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 

पंजाब के कई इलाकों में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति होने की संभावना है.अगले 24 से 48 घंटों के दौरान, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर बढ़ने की संभावना है. दिल्ली में आज 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम और 17 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. 

उधर, उत्तर भारत के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को गलन भरी शीतलहर का प्रकोप रहा. घने कोहरे के चलते रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिल्ली में कई पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंड दर्ज की गई. कड़ाके की ठंड के बीच अधिकतर लोग अपने घरों के अंदर रहे और खुद को गर्म रखने के लिए हीटर चलाया और गर्म पेय पदार्थों का सेवन किया.

राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही थीं. रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण कम से कम 12 ट्रेन डेढ़ से छह घंटे की देरी से चल रही हैं, जबकि दो रेलगाड़ियों के समय में बदलाव करना पड़ा है. दिल्ली हवाईअड्डे ने भी कोहरे का अलर्ट जारी किया है और कहा है कि कम दृश्यता के कारण विमानों के परिचालन की प्रक्रिया चल रही है. दिल्ली हवाईअड्डे की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है, ‘‘फिलहाल सभी उड़ानें सामान्य हैं. यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें.''

यह भी पढ़ें-

कंझावला केस : अंजलि की दोस्त निधि पर उसके पड़ोसी ने लगाया धमकी देने का आरोप

ग्रेटर नोएडा: कार से कुचले जाने के बाद बीटेक छात्रा की होनी है सर्जरी, आप ऐसे कर सकते हैं मदद



from NDTV India - India https://ift.tt/qZrTeXt

No comments