Breaking News

छत्तीसगढ़ : गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार शामिल होंगे ‘ट्रांसजेंडर’ पुलिसकर्मी

 छत्तीसगढ़ पुलिस की नवगठित विशिष्ट इकाई ‘बस्तर फाइटर्स' में हाल ही में कांस्टेबल के रूप में भर्ती हुए ट्रांसजेंडर पहली बार जगदलपुर शहर में गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में तिरंगा फहराएंगे. बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा, ‘‘जगदलपुर शहर में गणतंत्र दिवस परेड में ‘बस्तर फाइटर्स' का एक प्लाटून भाग लेगा. इस यूनिट में भर्ती किए गए (नौ में से) आठ ट्रांसजेंडर कांस्टेबल भी हिस्सा लेंगे.''

सुंदरराज ने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब ट्रांसजेंडर पुलिसकर्मी गणतंत्र दिवस समारोह के परेड में भाग लेंगे.'' पिछले वर्ष अगस्त में राज्य में ‘बस्तर फाइटर्स' के लिए चुने गए 2100 कांस्टेबल में नौ ट्रांसजेंडर भी शामिल थे. इन्हें प्रशिक्षण के बाद राज्य के माओवाद प्रभावित बस्तर संभाग में तैनात किया जाएगा. वहीं, 24 वर्षीय ट्रांसजेंडर दिव्या निषाद के लिए गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेना एक सपने के सच होने जैसा है. निषाद का कहना है कि यह उनके लिए गर्व का क्षण होगा जब वह खाकी वर्दी पहनकर कदमताल करेंगी.

निषाद ने कहा, ‘‘पुलिस में हमारे चयन से न केवल उस पूरे समुदाय का विश्वास बढ़ा है जिसका हम प्रतिनिधित्व करते हैं बल्कि इसने ट्रांसजेंडर के प्रति समाज की धारणा को भी बदल दिया है. गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेना हम सभी के लिए गर्व का क्षण होगा.'' बस्तर जिले का मुख्यालय जगदलपुर राजधानी रायपुर से लगभग 300 किलोमीटर दूर स्थित है. इस बीच, गणतंत्र दिवस समारोह के लिए छत्तीसगढ़ के सभी संवेदनशील स्थानों, विशेषकर माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. राज्यपाल अनुसुइया उइके राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में सुबह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी.

ये भी पढ़ें-



from NDTV India - India https://ift.tt/9aevo8w

No comments