झपटमार को पकड़ने के दौरान चाकू लगने से घायल दिल्ली पुलिस के ASI की मौत
पुलिसकर्मी कभी कभी आम लोगों की मदद के लिए अपनी जान की भी परवाह नहीं करते हैं. ऐसा ही किया दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एएसआई शंभुदयाल ने. शंभुदयाल का आज अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के मायापुरी पुलिस थाने में तैनात शंभुदयाल पर एक बदमाश ने 4 जनवरी को चाकू से हमला कर दिया था, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका.
पुलिस ने बताया कि मूल रूप से राजस्थान, सीकर के रहने वाले एएसआई शम्भू दयाल (57) के परिवार में पत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं. पुलिस ने बताया कि पिछले बुधवार को मायापुरी फेज-1 निवासी एक महिला ने अपने पति का मोबाइल फोन छीने जाने और उसे धमकी मिलने की शिकायत दी थी. एएसआई दयाल मौके पर पहुंचे जहां शिकायतकर्ता ने आरोपी की पहचान की.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी अनीश ने थाने जाने के दौरान अपनी शर्ट में छुपा चाकू निकाला और दयाल के गले, सीने, पेट और पीठ वार कर दिया.
उन्होंने बताया कि मायापुरी थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अनीश को काबू किया, बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया वहीं एएसआई दयाल को अस्पताल ले जाया गया.
पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल ने बताया कि एएसआई दयाल ने आरोपी को भागने नहीं दिया. उन्होंने बताया कि चार दिन तक जीवन के लिए जूझने के बाद रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दयाल को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया.
ये भी पढ़ें:
* सर्दी के चलते दिल्ली सरकार की प्राइवेट स्कूलों के लिए एडवाइजरी - 15 जनवरी तक बंद रखें स्कूल
* दिल्ली : फैक्ट्री में लिफ्ट के गिरने से तीन की मौत, जांच में जुटी पुलिस
* 'एल्डरमैन' की नियुक्ति को लेकर दिल्ली में गरमाई राजनीति, AAP के आरोपों पर BJP ने किया पलटवार
from NDTV India - India https://ift.tt/fv2phy6
No comments