Breaking News

Sultan Azlan Shah Cup 2019 : शीर्ष खिलाड़ियों की गैरहाजिरी में मनप्रीत करेंगे युवा टीम की अगुआई

भारत ने कई शीर्ष खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण बाहर होने से मिडफील्डर मनप्रीत सिंह की अगुआई में बुधवार को अजलन शाह कप के लिए 18 सदस्यीय टीम का चयन किया जिसमें अधिकतर युवा खिलाड़ी शामिल हैं. मनप्रीत के साथ डिफेंडर सुरेंदर कुमार को उप कप्तान बनाया गया है. इस साल अजलन शाह कप इपोह में 23 से 30 मार्च के बीच खेला जाएगा. भारत के अलावा मेजबान मलेशिया, कनाडा, कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक विजेता जापान इसमें भाग लेगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत 23 मार्च को जापान के खिलाफ करेगा. भारत को इस टूर्नामेंट में फारवर्ड एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह व ललित उपाध्याय, डिफेंडर रूपिंदर पाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह व मिडफील्डर चिंगलेनसना की कमी खलेगी. ये सभी चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं. दो जूनियर खिलाड़ी विशाल एंतिल और प्रदीप सिंह भी चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं. हॉकी इंडिया के बयान के अनुसार सभी चोटिल खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरु स्थित केंद्र में चोटों से उबरने की प्रक्रिया में पहले की तरह की भाग लेते रहेंगे. इस 18 सदस्यीय टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश हैं. उनके साथ दूसरे गोलकीपर कृष्ण बी पाठक होंगे. हॉकी इंडिया के हाई परफार्मेंस निदेशक डेविड जॉन ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ प्रमुख खिलाड़ी चोटिल होने के कारण अजलन शाह कप में भाग नहीं ले पाएंगे. लेकिन उनके लिए एफआईएच सीरीज फाइनल से पहले पूरी तरह फिट होकर वापसी करना महत्वपूर्ण है जो कि 2020 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की दृष्टि से बेहद अहम टूर्नामेंट है.’ भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच का पद खाली पड़ा है. हरेंद्र सिंह को विश्व कप में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हटा दिया गया था. अजलन शाह कप में खेलने के लिए भारतीय टीम 18 मार्च को बेंगलुरु से रवाना होगी. भारतीय टीम इस प्रकार है : गोलकीपर : पीआर श्रीजेश, कृष्ण बी पाठक. रक्षापंक्ति : गुरिंदर सिंह, सुरेंदर कुमार (उप-कप्तान), वरुण कुमार, बीरेंद्र लाकड़ा, अमित रोहिदास, कोथाजीत सिंह खडंगबम. मध्यपंक्ति : हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, सुमित, विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह (कप्तान). अग्रिम पंक्ति : मनदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरजंत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुमित कुमार.

from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi https://ift.tt/2UtwuUB

No comments