सचिन को गुस्सा करते देखा है, लेकिन धोनी को कभी नहीं - शास्त्री
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने एमएस धोनी की जमकर तारीफ की है. शास्त्री ने कहा है कि सचिन तेंदुलकर को कई बार नाराज होते देखा है लेकिन महेंद्र सिंह धोनी को कभी नहीं. कोच शास्त्री के मुताबिक ऐसा खिलाड़ी 40 साल में एक बार आता है और उसकी जगह लेना किसी के लिए मुमकिन नहीं है. सैंतीस साल के धोनी ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 96 गेंद में 51 रन बनाये जबकि अगले दो वनडे में 55 और 87 रन की यादगार पारियां खेली. शास्त्री ने डेली टेलीग्राफ से कहा, ‘ वह लीजैंड है. वो हमारे महान क्रिकेटरों में से एक है. मैंने किसी इंसान को इतना शांत नहीं देखा. मैंने कई बार सचिन को नाराज होते देखा है लेकिन इसे नहीं.’ रवि शास्त्री के मुताबिक धोनी की जगह कोई नहीं ले सकता. उन्होंने कहा, ‘ऐसे खिलाड़ी 30 या 40 साल में एक बार आते हैं. मैं भारतीयों से यही कहता हूं. जब तक वह खेल रहा है, उसका आनंद लो. वह संन्यास ले लेगा तो ऐसा खालीपन पैदा होगा जिसे भरना मुश्किल होगा.’ उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋषभ पंत अपेक्षाओं पर खरे उतर सकेंगे लेकिन यह भी कहा कि धोनी की बात ही अलग है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने पूछा कि क्या पंत अगले 20 साल में धोनी बन सकते हैं, शास्त्री ने कहा, ‘मैं चाहूंगा. उसके पास प्रतिभा है. एमएस उसका हीरो है. वह रोज उसे फोन करता है. टेस्ट श्रृंखला के दौरान भी उसने एमएस से बात की होगी.’ धोनी ने 2011 के बाद से किसी को इंटरव्यू नहीं दिया है. शास्त्री ने कहा, ‘वह जीरो पर आउट हो जाये, शतक बनाये, विश्व कप जीते या पहले दौर में बाहर हो जाये, वह बदलता नहीं है. उसकी भाव भंगिमा एक सी रहती है और मैं इस पर हैरान हो जाता हूं. उसने 2011 के बाद से कोई इंटरव्यू नहीं दिया है.’
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2R1OQcN
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2R1OQcN
No comments