भाकपा (माले) पाटलिपुत्र समेत कम से कम छह सीटों पर चुनाव लड़ने को उत्सुक
पटना, 16 सितंबर (भाषा) बिहार में भाकपा (माले) अगले लोकसभा चुनाव में कम से कम छह सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने को उत्सुक है जिसमें यादव बहुल पाटलिपुत्र सीट भी शामिल है। इस सीट से पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनकी बेटी मीसा भारती को शिकस्त का सामना करना पड़ा है। बिहार में भाकपा माले संयुक्त वाम मोर्चे में एक अहम घटक है और खासतौर पर मध्य बिहार में उसका अच्छा जमीनी आधार है। भाकपा (माले) के राज्य सचिव कुणाल ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘ पिछले लोकसभा चुनाव में हम 23 सीटों पर लड़े थे। हमारे वाम साझेदारों भाकपा और माकपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। इस बार चीजें अलग हैं और वाम मोर्चा एकजुट होकर लड़ेगा। हमने सीटों की संख्या घटाकर करीब छह-आठ सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।’’ उन्होंने कहा कि हमने मध्य बिहार में आरा, काराकाट, जहानाबाद और पाटलिपुत्र तथा उत्तर बिहार में सीवान एवं वाल्मीकि नगर सीटों की पहचान की है। हमने इन सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की लेकिन हमारे वाम सहयोगियों की राजद के साथ औपचारिक चर्चा होनी बाकी है। राजद, कांग्रेस और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के ‘महागठबंधन’ में वाम मोर्चा शामिल नहीं है, लेकिन उसे उम्मीद है कि भाजपा और जद (यू) वाले राजग से मुकाबला करने के लिए चुनाव पूर्व सहमति हो सकती है। भाषा नोमान दिलीपदिलीप
from Bihar News: बिहार न्यूज़, Bihar News in Hindi, बिहार समाचार, Bihar Samachar, बिहार खबर, Latest Bihar News | Navbharat Times https://ift.tt/2DdBE2T
from Bihar News: बिहार न्यूज़, Bihar News in Hindi, बिहार समाचार, Bihar Samachar, बिहार खबर, Latest Bihar News | Navbharat Times https://ift.tt/2DdBE2T
No comments